अरंडी फसल में सेमिलूपर कीट नियंत्रण के लिए किसानों को अनुदान : कृषि मंत्री
जयपुर। कृषि एवं पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया ने बताया कि जालौर, पाली एवं सिरोही जिले में अरंडी फसल में सेमिलूपर कीट के नियंत्रण के लिए किसानों को अनुदान देने के लिए राशि उपलब्ध करा दी गई है। कटारिया यहां पंत कृषि भवन में आयोजित बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।  

                                         

कटारिया ने बताया कि जालौर, पाली और सिरोही जिलों में सेमिलूपर कीट अरंडी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। इस कीट के नियंत्रण के लिए कृषि विभाग की ओर से मोनोक्रोटोफॉस 36 प्रतिशत एसएल, डाइमेथोएट 30 प्रतिशत ईसी, एसीफेट 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी, प्रोफेनोफॉस 50 प्रतिशत ईसी, क्विनालफॉस 25 प्रतिशत ईसी आदि पौध संरक्षण रसायन पर 50 फीसदी अथवा 500 रुपए प्रति हेक्टेयर जो भी कम हो के अनुसार अनुदान दिया जा रहा है। किसान अनुदान प्राप्त करने के लिए संबंधित जिले के कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी की विभागीय सिफारिश के अनुसार नजदीकी जीएसएस या केवीएसएस से पौध संरक्षण प्राप्त कर सकते हैं ।  

                                                      

कटारिया ने राज्य में रबी फसलों के लिए बीज एवं उर्वरक की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी रबी सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक एवं बीज के लिए कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है जिसके बारे में किसानों में जागरूकता उत्पन्न करें और गैर ऋणी काश्तकारों का अधिकाधिक बीमा कराएं। उन्होंने अधिसूचित बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक किसानों का बीमा करने के लिए आवश्यक कार्य कार्यवाही के निर्देश दिए।