वार्ड परिसीमन के प्रस्ताव पारदर्शिता के साथ तैयार करें : प्रशासक
जयपुर। जयपुर हैरिटेज एवं ग्रेटर जयपुर नगर निगम के प्रशासक एवं आयुक्त विजयपाल सिंह ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित वार्ड परिसीमन समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वार्ड परिसीमन के प्रस्ताव पारदर्शिता के साथ ठोस तरीके से तैयार किए जाएं। कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जयपुर ग्रेटर एवं जयपुर हैरिटेज नगर निगम के वार्डो के प्रस्ताव 30 नवम्बर तक तैयार करके मुख्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। 

 

प्रशासक विजयपाल सिंह ने निर्देश दिए हैं कि वार्ड परिसीमन के समय ई.बी. (एन्यूमरेशन ब्लॉक) का ध्यान रखा जाए। किसी भी हाल में ई.बी. ब्रेक नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि ई.बी. जनगणना की ईकाई है। जो ई.बी. जिस विधानसभा में है उसी में रहनी चाहिए। दो विधानसभा क्षेत्रों की सीमा मिल रही है वहॉ ओवरलेपिंग नहीं होनी चाहिए। प्रस्ताव बनाते समय निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं ईआरओ प्रस्ताव एवं नक्शे पर संयुक्त हस्ताक्षर करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ हर वार्ड का भी अलग मैप होना चाहिए।